सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन की आयोजित बैठक में व्यापारियों की लंबित समस्याओं को लेकर जबरदस्त नाराजगी देखने को मिली। वक्ताओं ने अधिकारियों की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।बैठक में कहा गया कि उद्योग बंधु की बैठकों का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, लेकिन हकीकत यह है कि छोटी-छोटी समस्याएं भी लंबे समय से लंबित पड़ी हैं। जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने रोडवेज बस स्टैंड की अव्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इतने बड़े बस स्टैंड के बावजूद बसें फ्लाईओवर के नीचे खड़ी की जाती हैं। अब वहां प्राइवेट बसों का भी जमावड़ा लगने लगा है। उन्होंने बताया कि बढ़ौली चैराहे पर प्राइवेट बसों के बीच सड़क पर खड़े होने से आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। संगठन के अध्यक्ष प्रशांत जैन ने सोनभद्र डिपो की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डिपो में कई बसें खराब हालत में पड़ी हैं, जिनका न तो संचालन हो रहा है और न ही उन्हें हटाया जा रहा है। इसके अलावा डिपो में आवंटित दुकानों पर ताले लटके हैं, जबकि बाहर अस्थायी रूप से खाने-पीने की सामग्री बेची जा रही है, जिससे परिसर में गंदगी फैली हुई है। व्यापारियों ने इन समस्याओं को गंभीर बताते हुए परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराने की बात कही। मौके पर प्रितपाल सिंह, शरद जायसवाल, धर्मराज सिंह, राजू जायसवाल, रवि जायसवाल, राजेश जायसवाल, टीपू अली, दीप सिंह पटेल, गुरप्रीत सिंह सोखी, विनोद जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल, पंकज कनोडिया, जसकीरत सिंह, सिद्धार्थ सांवरिया, अमित वर्मा, शिवम केशरी आदि मौजूद रहे।