प्राथमिक विद्यालय में लापरवाही का बड़ा खुलासा: बच्चों से लगवाई झाड़ू, हेडमास्टर की हाजिरी पर भी सवाल

Share
नहटौर। ग्राम पंचायत पहाड़पुर के प्राथमिक विद्यालय नन्हेड़ा में शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। अभिभावकों की शिकायत पर बुधवार को ग्राम प्रधान यशपाल सिंह द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में स्कूल की कार्यप्रणाली की कई खामियां उजागर हो गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है।निरीक्षण के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि विद्यालय में छोटे-छोटे बच्चों से झाड़ू लगवाई जा रही थी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया, जिसे ग्राम प्रधान ने साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा है। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि बच्चों से इस प्रकार का कार्य कराना उनके अधिकारों का हनन है और यह शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।इसके अलावा, स्कूल का मुख्य गेट भी निरीक्षण के समय बंद मिला, जिससे विद्यालय संचालन की पारदर्शिता पर सवाल उठे। प्रधानाध्यापक पंकज कुमार गर्ग निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद नहीं थे। ग्राम प्रधान के अनुसार, प्रधानाध्यापक सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर विद्यालय पहुंचे, जबकि उपस्थिति रजिस्टर में उनका समय 7 बजकर 47 मिनट दर्ज पाया गया। इस अंतर को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई और मौके पर ही समय सही कराया।ग्राम प्रधान यशपाल सिंह ने साफ कहा कि इस प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की शिकायत संबंधित विभागीय अधिकारियों को साक्ष्यों के साथ भेज दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *