नजीबाबाद/बिजनौर।
नजीबाबाद के रायपुर रोड पर संचालित ‘लंदन सिटी’ नुमाइश (प्रदर्शनी) में सोमवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ ऊँचे झूले पर आनंद ले रहा एक युवक अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर एम्स (AIMS) ऋषिकेश रेफर किया गया है। इस घटना ने नुमाइश में लगे झूलों की सुरक्षा और प्रशासनिक दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलालाबाद निवासी अजीम पुत्र अनीस सोमवार रात अपने परिवार के साथ रायपुर रोड स्थित प्रदर्शनी में घूमने गया था। नुमाइश में मनोरंजन के दौरान अजीम एक बड़े झूले पर सवार हुआ। बताया जा रहा है कि झूला जब पूरी रफ़्तार में था, तभी अचानक अजीम उससे नीचे आ गिरा। जमीन पर गिरते ही वह लहूलुहान हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।हादसे के तुरंत बाद आनन-फानन में घायल युवक को स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगी गंभीर चोटों को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश के लिए भेज दिया। अजीम पेशे से रिक्शा चालक है और उसके पिता फलों की दुकान चलाते हैं। एक गरीब परिवार के चिराग के साथ हुए इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बॉक्स
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
हादसे के बाद नुमाइश में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि ‘लंदन सिटी’ नुमाइश के संचालकों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की है। झूलों में बेल्ट और सुरक्षा जाली जैसे पुख्ता इंतजाम न होने के कारण ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या प्रशासन ने नुमाइश शुरू होने से पहले झूलों की फिटनेस और सुरक्षा प्रमाणपत्र की जांच की थी?घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। जागरूक नागरिकों ने जिलाधिकारी बिजनौर से मांग की है कि जनपद में चल रही सभी नुमाइशों और झूलों की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य निर्दोष के साथ ऐसा हादसा न हो। ‘लंदन सिटी’ नुमाइश के प्रबंधन की लापरवाही पर भी सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
लंदन सिटी प्रदर्शनी के संचालकों का कहना
इस संबंध में जब नुमाइश के संचालक रॉकी कुमार से संपर्क करना चाहा तो उनका नंबर बंद आया । वही अमित कुमार से इस संबंध में बात हुई उन्होंने बताया कि अजीम एम्स ऋषिकेश में भर्ती है रॉकी कुमार वहां उनके पास गए है, हमने उसके परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है, हम उनकी हर संभव मदद करेंगे ।