कादराबाद को मिली बड़ी सौगात: 1.41 करोड़ से बनेगा पंचायत उत्सव भवन,विधायक कुंवर सुशांत सिंह ने किया शिलान्यास

Share
अफजलगढ़। क्षेत्र के गांव कादराबाद में ग्रामीण विकास को नई दिशा देने की पहल के तहत रविवार को भाजपा क्षेत्रीय विधायक कुंवर सुशांत सिंह ने पंचायत उत्सव भवन का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर विधायक कुंवर सुशांत सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों का सर्वांगीण विकास है और इसी क्रम में पंचायत स्तर पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उत्सव भवन क्षेत्र के लोगों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा,जिससे ग्रामीणों को बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार की आधारभूत सुविधाओं का विकास जनजीवन को आसान बनाता है और सामाजिक एकता को भी मजबूत करता है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामवासियों द्वारा किए गए स्वागत और सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। वही एडीओ पंचायत ललित प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत उत्सव भवन का निर्माण करीब 1 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह भवन अफजलगढ़ ब्लॉक ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद बिजनौर का पहला पंचायत उत्सव भवन होगा, जो आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसी दौरान ग्राम प्रधान कैलाश चौधरी सहित अन्य ग्रामीणों ने विधायक कुंवर सुशांत सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस भवन के निर्माण से गांव में विभिन्न आयोजनों के लिए स्थायी और बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रदीप कुमार बबली, एडीओ पंचायत ललित प्रताप सिंह, विधायक प्रतिनिधि नितिन चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बंजारा, प्रधान सुरेंद्र सिंह, भाजपा नेता कपिल चौहान, संजीव गहलौत, युवा नेता कुंवर कुनाल, प्रधान मनित प्रताप सिंह, सचिव इरफान अली मंसूरी, पूर्व प्रधान रामनाथ सिंह चौहान, पूर्व प्रधान बलकार सिंह तथा आलोक राजपूत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *