साइबर ठगी के 86 पीड़ितों को मिला न्याय-पुलिस ने ठगी के 35.86 लाख रूपए कराया वापस

Share

सोनभद्र। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 1 फरवरी 2026 से अब तक साइबर ठगी के 86 पीड़ितों को कुल 35,86,160 की धनराशि वापस कराई गई है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराध के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल साइबर क्राइम) अनिल कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी (सहायक नोडल साइबर क्राइम) हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में जनपदीय साइबर सेल, साइबर क्राइम पुलिस थाना और सभी थानों पर गठित साइबर हेल्प डेस्क द्वारा तकनीकी दक्षता के साथ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की त्वरित और सुनियोजित कार्रवाई के परिणामस्वरूप फरवरी माह में 86 पीड़ितों की 35,86,160 की धनराशि वापस कराई गई है। वहीं जनवरी 2026 में 48 पीड़ितों को कुल 23,12,636 की रकम उनके मूल बैंक खातों में वापस कराई गई थी। पुलिस के अनुसार यह सफलता एनसीआरपी पोर्टल की सतत निगरानी, साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, संदिग्ध बैंक खातों को तत्काल होल्ड कराने, डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण तथा विभिन्न बैंकों से समन्वय के माध्यम से हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर अपराधों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *