रामदासपुर पेयजल योजना में जल महोत्सव व जल अर्पण कार्यक्रम, ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प

Share
गाजीपुर, – जनपद गाजीपुर के विकास खंड सादात अंतर्गत रामदासपुर पेयजल योजना परिसर में बुधवार को जल महोत्सव एवं जल अर्पण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल की उपयोगिता, जल स्रोतों की स्वच्छता तथा सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम के दौरान जल वंदना, जल पदयात्रा, स्वच्छता अभियान, जागरूकता बैठक तथा “मेरा गांव–जल सुरक्षित भविष्य” विषय पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने जल संरक्षण एवं जल स्रोतों की सुरक्षा के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया।
ग्राम प्रधान ने बताया कि रामदासपुर पेयजल योजना के माध्यम से गांव के 354 घरों को नल कनेक्शन के जरिए शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति की जा रही है, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
इस मौके पर जल निगम के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, एडीओ पंचायत, टीपीआई, डीपीएमयू के प्रतिनिधि, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, एफटीके महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *