इण्टरनेट बना नई पीढ़ी के लिए ज्ञान का अथाह सागर: शशांक त्रिपाठी

Share

बाराबंकी। जनपद स्तरीय कॅरियर मेला ‘‘उड़ान‘‘ का आयोजन ऑडिटोरियम राजकीय इण्टर कालेज में मंगलवार को किया गया। जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के कॅरियर को दिशा देने तथा उसके लिए विभिन्न क्षेत्रों की संभावनाओं को तलाशने के लिए निर्मित पंख पोर्टल पर वर्ष भर की गयी गतिविधियों की एक झांकी भी विद्यालयों द्वारा लगाये गये स्टाल्स पर दिखी। कॅरियर मेले में जनपद के सभी विभागों सहित बैकिंग, तकनीकी क्षेत्रों के स्टाल्स भी लगाये गये। मेले का शुभारम्भ अपर जिला न्यायाधीश कृष्ण चन्द्र सिंह द्वारा दीप प्रज्जवलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण द्वारा किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए अपर जिला न्यायाधीश कृष्ण चन्द्र सिंह ने विधि क्षेत्र तथा न्यायपालिका क्षेत्र में विद्यार्थियों को कॅरियर बनाने हेतु महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की तथा क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कैसे करें इस बारे में भी चर्चा की। उन्होने एक मधुर गजल के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित भी किया। कॅरियर मेले में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी जब विद्यार्थियों से रूबरू हुए उन्होने इन्जीनियरिंग एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा में कॅरियर बनाने हेतु उपयोगी टिप्स तो दिये ही साथ ही साथ उन्होने यह भी कहा की आज इण्टरनेट की वजह से हमारे सामने ज्ञान का अथाह समुद्र है, इसलिए क्या पढ़ा जाये? इससे अधिक आवश्यक इस बात का ज्ञान होना है कि क्या ना पढ़ा जाये। विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक जिलाधिकारी महोदय से विभिन्न जिज्ञासाओं के सम्बन्ध में प्रश्न रखें जिसका जिलाधिकारी महोदय ने सरलता से उत्तर देते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस पूरे आयोजन के लिए उन्होने माध्यमिक शिक्षा विभाग की सराहना भी की। मेले में पधारे पुलिस अधीक्षक, अर्पित विजयवर्गीय ने स्वयं का अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को बताया कि, उन्होने तीन बार विफल होने के बाद चौथे प्रयास में यूपीएससी में चयन होने की सफलता पायी। सफलता के दृढ़ संकल्प को सबसे आवश्यक बताते हुए कहा कि अपने लक्ष्य के लिए शिद्दत से किये प्रयास अवश्य सफल होते है। विद्यार्थियों के प्रश्नो का उत्तर देते हुए पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय ने बताया कि, पुलिस सेवा एक ऐसी सेवा है जिसमें आने के बाद आप किसी के जीवन में सीधे गुणात्मक प्रभाव डाल सकते है। उन्होने पुलिस सेवा में कॅरियर बनाने के लिए महत्वपूर्ण जानकारिया प्रदान की। जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी ने सभी अतिथियों स्वागत करते हुए बताया जनपद बाराबंकी में विद्यार्थियों के कॅरियर गाइडेंस के कार्यक्रम वर्ष भर सतत रूप में संचालित रहते है तथा शैक्षिक सेवा संवर्ग में विद्यार्थियों को कॅरियर बनाने हेतु प्रेरित भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *