शेखपुर में अधूरी पड़ी पानी की टंकी, ‘हर घर जल’ योजना ठप

Share
फर्रुखाबाद। कमालगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत शेखपुर में जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी का निर्माण कार्य कई महीनों से अधूरा पड़ा है। इसके चलते ‘हर घर जल’ योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है और उन्हें पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
गांव में टंकी का ढांचा तो तैयार हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य रुकने के कारण अभी तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। कुछ घरों में पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंच रहा है, लेकिन पूरे गांव में सप्लाई ठप है।
ग्राम प्रधान राम सेवक के अनुसार ठेकेदार बदलने की वजह से निर्माण कार्य बाधित हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले चार-पांच महीनों में काम दोबारा शुरू होकर पूरा कर लिया जाएगा।
वहीं, ग्रामीणों में इस स्थिति को लेकर नाराजगी है। ग्रामीण इमरान ने बताया कि योजना धरातल पर विफल साबित हो रही है और समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण नईम, अनेक सिंह और पवन ने भी शिकायत की कि उनके घरों में अभी तक नल नहीं लगे हैं और गांव में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है।
ग्राम पंचायत अधिकारी बरखा राजपूत ने बताया कि 5 से 6 महीने में कार्य पुनः शुरू होने की संभावना है। हालांकि, खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार पाल ने इस संबंध में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक टंकी का निर्माण पूरा नहीं होगा और पाइपलाइन का कार्य नहीं होगा, तब तक ‘हर घर जल’ योजना का लाभ मिलना संभव नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *