ललितपुर। राज्यमंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज उ0प्र0/जनपद प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सोमवार को कलैक्ट्रेट सभागार में जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को योजनाओं का स्पष्ट डाटा लेकर बैठक में प्रतिभाग करने के निर्देश दिये। बैठक में राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, जिलाध्यक्ष भाजपा हरीशचन्द्र रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों की उपस्थिति रही बैठक में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने प्रभारी मंत्री को अवगत कराया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में जिले की 86 योजनाओं में से 72 योजनाओं को ‘ए’ ग्रेड प्राप्त हुआ है, जिस पर प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और इसी प्रकार आगे भी कार्य करने के लिए अधिकारियों का उत्साहवर्द्धन किया। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जनपद में जिला चिकित्सालय व राजकीय मेडिकल कॉलेज स्तर पर इन्टीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब और 50 बैड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्मित कराये जाने हेतु लम्बे समय से शासन में लम्बित भूमि को आपके प्रयास के फलस्वरुप उत्तर प्रदेश शासन आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के पक्ष में हस्तांतरित की गई है। इस भूमि पर इन्टीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब और 50 बैड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक बन जाने से यहां के लोगों को उपचार के लिए अन्य जनपदों में नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही प्रभारी मंत्री जी से पाली से बरेली बस सेवा शुरु कराने का अनुरोध किया गया, ताकि यहां का पान व्यापार फिर से समृद्ध हो सके, जिस पर प्रभारी मंत्री ने आश्वासन दिया कि शासन में इस विषय पर चर्चा करेंगे। बैठक में ऊर्जा और कृषि विभाग के कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए प्रभारी मंत्री ने दोनो विभागों के अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट निर्देश दिये कि शासन की मंशानुसार कार्य करें, जनपद के किसानों के प्रति संवेदनशील और उत्तरदायी रहें। जिले के किसानों को भरपूर बिजली और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाये। गर्मी के मौसम को देखते हुए पूर्व से ही बार बार खराब होने वाले ट्रांसफार्मरों और तारों को बदलवाया जाए, इसके साथ ही पानी की उपलब्धता के लिए सभी सम्बंधित विभाग पूर्व से ही प्रभावी रणनीति बनाकर उस पर कार्य करें, ताकि जनपदवासियों को गर्मी के मौसम में विद्युत और पानी से सम्बंधित कोई समस्या न हो। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि विगत 2 माह में झटपट पोर्टल पर कनेक्शन के लिए आये आवेदनों और लम्बित आवेदनों की सूची उपलब्ध करायी जाये, साथ ही लम्बित आवेदनों के सम्बंध में अधीनस्थों को नोटिस भी जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उपभोक्ताओं के द्वारा पेमेन्ट करने के बाद भी कनेक्शन न मिलने की अधिकतर शिकायतें आ रहीं हैं, इन उपभोक्ताओं की तहसीलवार सूची उपलब्ध कराने के साथ ही निर्धारित समय सीमा में कनेक्शन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसी दौरान जिलाध्यक्ष भाजपा हरीशचन्द्र रावत के द्वारा सुझाव दिया गया कि जिस क्षेत्र में फाल्ट होता है, कार्य होने तक केवल उसी क्षेत्र की बिजली काटी जाये, इसके साथ ही कांसीराम कॉलोनी में लॉड की समस्या के लिए नया ट्रांसफार्मर रखवाया जाए, इसके साथ ही तालबेहट के वन क्षेत्र में अवैध कटान की शिकायत की, इस पर प्रभारी मंत्री ने उक्त दोनों सुझावों पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये और तालबेहट में अवैध कटान पर प्रभावी कार्यवाही कर दोषी अधिकारी/कर्मचारियों के सम्बंध में शासन से पत्राचार करने के निर्देश दिये गए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने हालही में हुई अतिवृष्टि के कारण पीढ़ित किसानों को क्षतिपूर्ति राशि की समीक्षा की, जिस पर बताया गया कि अतिवृष्टि के सम्बंध प्राप्त शिकायतों के आधार पर सर्वे का कार्य चल रहा है, सर्वे पूर्ण होते ही फसल बीमा योजना का क्लेम दिलाया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिये कि किसानों को बीमा की धनराशि दिलाने के लिए प्रयास तेज किये जायें। नमामि गंगे प्रोजेक्ट की समीक्षा के दौरान मा0 जनप्रतिनिधिगणों के द्वारा बताया गया कि क्षेत्र में अधिकांश शिकायतें रोड़ खोदकर छोड़ देने की आती हैं, महीनों तक सड़कें खुदी पड़ी रहती हैं, इस पर प्रभारी मंत्री ने जल निगम के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि जहां-जहां सड़के खुदी पड़ी है, वहां पहले मरम्मत का कार्य कराया जाए, बाद में अन्य स्थान पर कार्य शुरु किया जाए। युवा कल्याण, सेवा योजन और क्रीड़ा विभाग की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिये कि जनपद में वृहद स्तर पर रोजगार मेला आयोजित कराया जाए, साथ ही युवाओं के लिए खेल प्रतियोगिताओं के साथ अन्य आयोजन कराये जायें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मो0 मुश्ताक, मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संजय मिश्र, सीएमओ डॉ इम्तियाज अहमद, प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज डॉ0 मयंक शुक्ला, पीडी डीआरडीए, डीडीओ, डीसी मनरेगा, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जल संस्थान, सिंचाई, ग्रामीण अभियंत्रण एवं अन्य कार्यदायी विभागों के अधिशासी अभियंता, शिक्षा, कृषि, समाज कल्याण, महिला कल्याण, सूचना व अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।