सोनभद्र। सदर कोतवाली पुलिस ने मानव तस्करी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपी दोनों महिलाएं काम दिलाने का झांसा देकर एक युवती को दूसरे शहरों में ले जाकर बेचने के मामले में वांछित थीं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।read more:https://worldtrustednews.in/celebrated-the-birth-anniversary-of-lord-munisuvratanath-swami/सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पवर क्षेत्र से दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुकदमा संख्या 177/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ में आरोपी महिलाओं ने बताया कि उन्होंने एक युवती को नौकरी दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले जाकर आगरा और अलीगढ़ जैसे शहरों में घुमाते हुए करीब 1.20 लाख रुपये में बेच दिया था। पीड़िता को अलग-अलग व्यक्तियों के पास रखा गया, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक शोषण किया गया। इस दौरान वह गर्भवती भी हो गई। जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे मामले में एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जिसके अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। गिरफ्तार महिलाओं में बिन्दु (35 वर्ष) और सोनी (30 वर्ष) शामिल हैं, जो सोनभद्र जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों की निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रणजीत सिंह, हेड कांस्टेबल विनोद भारती, संजीव राय तथा महिला कांस्टेबल आराधना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।