गाजीपुर। गाजीपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर देवकली कट के समीप गुरुवार अपराह्न लगभग 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सैदपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई और उसके परखचे उड़ गए।हादसे के समय कार में सवार चार लोग किसी कंपनी के प्रचार के लिए हाईवे किनारे पेंटिंग का कार्य कर रहे थे और सैदपुर की दिशा से वापस लौट रहे थे। अचानक पीछे से आई ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं हादसे के चलते कार में रखा पेंट और अन्य सामग्री हाईवे पर बिखर गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहन को किनारे कराया।स्थानीय लोगों में आक्रोश, सर्विस लेन की मांग तेज देवकली बाजार क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि फोरलेन हाईवे बनने के बाद से इस क्षेत्र में दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि यहां दोनों तरफ सर्विस लेन का निर्माण नहीं कराया गया है, जिससे सड़क पार करना जोखिम भरा हो गया है।ग्रामीणों के अनुसार, देवकली बाजार के बीच से होकर गुजर रहे इस हाईवे के आसपास दर्जनों स्कूल, दुकानें और आबादी है, बावजूद इसके न तो सर्विस लेन बनाई गई और न ही जल निकासी के लिए नाली की व्यवस्था की गई।स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि हाईवे निर्माण के समय सर्विस लेन और नाली बनाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद इसे नजरअंदाज कर दिया गया। परिणामस्वरूप आए दिन यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।प्रशासन से कार्रवाई की मांग क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि देवकली बाजार में जल्द से जल्द सर्विस लेन और नाली का निर्माण कराया जाए, साथ ही ट्रैफिक नियंत्रण के लिए ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।