म्योरपुर (सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के सांगोबांध बाजार के दक्षिण बस्ती में शुक्रवार की रात करीब एक बजे एक किसान के कच्चे घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई, जिससे भारी नुकसान हुआ। आग लगने से किसान शौनक जायसवाल के घर में रखा लगभग पांच कुंतल सरसों और चार कुंतल गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। संयोग अच्छा रहा कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों ने तत्काल मकान मालिक के साथ ही आपात सेवा और अग्निशमन दल को सूचना दी। मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित किसान ने बताया कि इस घटना में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।