गाजीपुर पुलिस लाइन में सजी तीरंदाजी की रणभूमि, 13वीं अन्तरजनपदीय आर्चरी प्रतियोगिता का हुआ शुभारम्भ

Share
गाजीपुर। वाराणसी जोन की 13वीं अन्तरजनपदीय आर्चरी (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता वर्ष-2026 का भव्य शुभारम्भ रविवार को जनपद गाजीपुर के पुलिस लाइन ग्राउण्ड में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, गाजीपुर द्वारा किया गया, जिनके साथ प्रतिसार निरीक्षक, महिला निरीक्षक गीता राय, विभिन्न जनपदों के टीम प्रशिक्षक, मैनेजर एवं खिलाड़ीगण मौजूद रहे।इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गाजीपुर, बलिया, सोनभद्र, आजमगढ़, चंदौली एवं भदोही जनपदों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हालांकि अपरिहार्य कारणों से वाराणसी, मिर्जापुर, मऊ और जौनपुर की टीमें इस बार प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सकीं, लेकिन मौजूद टीमों के खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।
महिला वर्ग की व्यक्तिगत स्पर्धा में गाजीपुर और भदोही की खिलाड़ियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया, जहां निशानेबाजी के कौशल ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया।आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का अगला चरण सोमवार 06 अप्रैल 2026 को प्रातः 07 बजे से शुरू होगा, जिसमें पुरुष वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें सभी छह जनपदों की टीमें भाग लेंगी, जिससे मुकाबला और भी अधिक रोमांचक होने की उम्मीद है।गाजीपुर पुलिस लाइन ग्राउण्ड में आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के कौशल को निखारने का मंच बन रही है, बल्कि जोन स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम साबित हो रही है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन एवं आयोजक पूरी तरह मुस्तैद नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *