अजीत विक्रम –गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज-05” के तहत रविवार को जनपद गाजीपुर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी गई।अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनपद के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, स्कूल-कॉलेज के आसपास तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त की गई। इस दौरान लोगों को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्य से अवगत कराते हुए महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।read more:https://pahaltoday.com/lawyers-staged-a-protest-and-submitted-a-memorandum/
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय किया गया है। टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर लगातार भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। चेकिंग के दौरान शोहदों और मनचलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की गई तथा कई लोगों को सख्त चेतावनी देकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने की हिदायत दी गई।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी और बताया कि किसी भी आपात स्थिति में वे 1090, 112 तथा 181 जैसे हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।पुलिस प्रशासन का कहना है कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जनपद में महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।