गाजीपुर, : जिला गंगा समिति और राजकीय महिला पीजी कॉलेज, गाजीपुर के सहयोग से ददरी घाट पर गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गंगा घाट पर फैले कूड़ा-कचरा, फूल-माला और अन्य सामग्री को साफ किया गया।अध्यक्ष, नगर पालिका सरिता अग्रवाल ने कहा कि गंगा भारत की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है और इसकी निर्मलता एवं अविरलता को बनाए रखना सरकार के साथ-साथ हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी बताया कि युवा वर्ग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सबसे बड़ी शक्ति है, और यदि युवा जल संरक्षण और स्वच्छता के संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाएंगे तो यह अभियान और अधिक प्रभावी होगा।जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे, बृजेश कुमार श्रीवास्तव, ने कहा कि गंगा स्वच्छता पखवाड़ा प्रत्येक वर्ष 16 मार्च से 31 मार्च तक मनाया जाता है। इसका उद्देश्य सामाजिक रूप से नदियों के संरक्षण में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना और गंगा नदी को स्वच्छ रखने की भावना विकसित करना है।स्वच्छता अभियान में राजकीय महिला पीजी कॉलेज की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्राचार्य डॉ. अनीता कुमारी ने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छात्राओं ने ‘‘नहीं रुकेंगे, स्वच्छ करेंगे’’ नारों के साथ गंगा स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान सांची मिश्रा की टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, श्रेया मौर्य ने नमामि गंगे अभियान पर भाषण दिया और सोनाली ने गंगा सोहर प्रस्तुत किया।अंत में, अध्यक्ष नगर पालिका द्वारा सभी उपस्थितों को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सभासद शनि चौरसिया, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा कुमारी, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी रामनाथ केसरवानी, डॉ. मनीष सोनकर, कमलेश श्रीवास्तव, और कर्मचारी जबीउल्लाह, सुरेंद्र यादव, प्रद्युम्न यादव, विमल के साथ बड़ी संख्या में स्वयंसेवी छात्राएं उपस्थित रहीं।