भेटुआ/अमेठी। जनपद अमेठी में जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आ रहा गौशाला प्रधान संघ अब गौशालाओं में कार्यरत केयर टेकरों के परिवारों का भी सहारा बन रहा है। संघ द्वारा आकस्मिक निधन होने पर केयर टेकरों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।जानकारी के अनुसार गौशाला प्रधान संघ उन ग्राम पंचायतों के प्रधानों का समूह है, जिनकी पंचायतों में अस्थायी गौशालाएं संचालित हो रही हैं। प्रारंभ में यह संघ गौशाला संचालन में आने वाली समस्याओं को लेकर एकजुट होकर आवाज उठाने के उद्देश्य से बना था, लेकिन अब यह जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।संघ के जिलाध्यक्ष एवं सुमेरपुर, भेटुआ के प्रधान गोकुल यादव ने बताया कि गौशाला संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले केयर टेकरों के आकस्मिक निधन पर शासन या प्रशासन की ओर से कोई ठोस मदद की व्यवस्था नहीं थी। इसी को देखते हुए उन्होंने संघ के माध्यम से आर्थिक सहयोग की पहल की, जिस पर सभी साथियों ने सहमति जताई।इसी क्रम में मंगलवार को संघ के अध्यक्ष गोकुल यादव ने अपने साथियों के सहयोग से दुर्घटना में मृत बहादुर ब्लाक के पूरे शीतल खालिसपुर गौशाला के केयर टेकर राज बहादुर की बुजुर्ग मां ईश्वरदयी को आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं विकास खंड सिंहपुर की फूला ग्राम सभा की गौशाला के मृत केयर टेकर शीतला प्रसाद के बेटे और बहू को भी आर्थिक मदद दी गई।संघ की इस पहल को लेकर क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के प्रयास समाज में सहयोग और संवेदना की मिसाल पेश करते हैं।