चुनार (मिर्जापुर)। आज स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्राम सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वर्ल्ड वीवर क्लब, अंग्रेजी विभाग तथा आई क्यू ए सी के संयुक्त तत्वावधान में एक प्रसार व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रोफेसर माधवी शुक्ला एवं मुख्य वक्ता डॉ राहुल चतुर्वेदी एसोसिएट प्रोफेसर अंग्रेजी विभाग बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के द्वारा सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन करके किया गया। डॉ राहुल चतुर्वेदी ने शोध प्रविधि जैसे गंभीर विषय को अत्यंत सहजता पूर्वक विद्यार्थियों के समक्ष व्याख्यान देकर उद्घाटित किया। उन्होंने कहा कि शोध एक ऐसी प्रक्रिया है जो जीवन पर्यंत विद्यार्थियों के साथ-साथ सामान्य व्यक्तियों के जीवन में भी चलती रहती है। सबसे पहले समस्याओं को चिन्हित करके उचित माध्यम के द्वारा समस्याओं के निराकरण का प्रयास करना चाहिए। समस्या के अनुसार ही माध्यम का चुनाव करना चाहिए अन्यथा समाधान में दिक्कत हो सकती है। डॉ चतुर्वेदी ने संवाद के माध्यम से अपने व्याख्यान में विद्यार्थियों को जोड़ा और प्रत्येक विद्यार्थी से तीन-तीन समस्याओं को चिन्हित करने का आह्वान किया। उन्होंने अत्यंत रोचक शैली में समस्त विद्यार्थियों को शोध प्रक्रिया से जोड़ा। प्राचार्य प्रोफेसर माधवी शुक्ला ने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों से कहा कि शोध प्रविधि को अच्छे से समझ कर ही आगे जीवन में बढ़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के विविध पहलुओं पर आधारित नए अन्वेषण होने चाहिए जिसमें अपनी जड़ों से जुड़कर विचारों को समझना होगा। प्राचार्य ने संवादात्मक शैली की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों को व्याख्यान से लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का आयोजन एवं स्वागत उद्बोधन संयोजक डॉ रीता मिश्रा ने और धन्यवाद ज्ञापन सहसंयोजक डॉ भास्कर प्रसाद द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर सहसंयोजक डॉ नलिनी सिंह, प्रोफेसर कुसुम लता, डॉ सत्येन्द्र कुमार, डॉ दीपक सिंह, डॉ अदिती सिंह, डॉ शैलेंद्र कुमार, डॉ शिवकुमार, डॉ शिखा तिवारी, डॉ मंजुला शुक्ला, श्री धर्मचंद्र यादव, श्री धर्मेन्द्र कुमार सिंह आदि प्राध्यापक तथा कर्मचारीगण उपस्थित थे।