बहराइच ( कैसरगंज )l कस्बा कैसरगंज स्थित जी०बी० हॉस्पिटल में वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. अरविन्द सिंह द्वारा कटे होंठ और तालू (क्लेफ्ट लिप एवं क्लेफ्ट पैलेट) के मरीजों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में दूर-दराज से आए मरीजों का विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा परीक्षण किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैसरगंज सांसद प्रतिनिधि सुनील सिंह मौजूद रहे। उनके साथ मंडल अध्यक्ष कैसरगंज शिवानंद सिंह, मंडल अध्यक्ष गजाधरपुर विशाल सिंह ‘मुन्ना’, लोकतंत्र सेनानी बुद्धिसागर गुप्ता, भगवान दास सोनी, कौशलेंद्र चौधरी, प्रमोद गुप्ता (जरवल), बुद्धिराम यादव (प्रधान), अरविन्द सिंह (प्रधान), संजू गुप्ता बाबा, सोनू गुप्ता (नंदवल), संदीप यादव सहित क्षेत्र के अनेक प्रधान, बीडीसी सदस्य और सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।शिविर के दौरान करीब 105 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाइयां उपलब्ध कराई गईं, जबकि 45 मरीजों को सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया। चिकित्सकों के अनुसार चिन्हित मरीजों की आवश्यक जांच के बाद कल उनका ऑपरेशन किया जाएगा।डॉ. अरविन्द सिंह ने बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है, ताकि कटे होंठ और तालू जैसी गंभीर समस्या से पीड़ित बच्चों व मरीजों को नई जिंदगी मिल सके।शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे और मरीजों को हर संभव सहायता प्रदान की गई।