श्रावस्ती। भिनगा क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुर्गापुर केपी के मजरा किड़िहावनपुरवा गांव में गुरुवार शाम को अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस अग्निकांड में चार घर जलकर राख हो गए। मौके पर पहुंचे राजस्वकर्मियों ने क्षति का आंकलन किया। क्षेत्र के किड़िहावनपुरवा गांव में भगवान यादव के घर लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। चपेट में आकर लल्लू, नीबर व रक्षाराम के घर भी जलककर राख हो गए। इस अग्निकांड में चारों घरों में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्राम प्रधान अविनाश सिंह की सूचना पर मौके पर हल्का लेखपाल कृष्ण कुमार व बंठिहवा चौकी प्रभारी गुलाब चन्द चौधरी दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणाें की मदद से आग पर काबू पाया। लेखपाल की ओर से अग्निकांड में हुए क्षति का आंकलन किया जा रहा है।