पियरी बाजार में फायरिंग से दहशत: छोटे लाल यादव पर जानलेवा हमला, हाईवे जाम कर लोगों का प्रदर्शन

Share
गाजीपुर। सैदपुर क्षेत्र के पियरी बाजार में रविवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब पट्टी चितौली गांव निवासी छोटे लाल यादव पर तीन बाइक सवार युवकों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों द्वारा की गई इस अंधाधुंध गोलीबारी से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों के साथ आम लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे और जैसे ही छोटे लाल यादव बाजार पहुंचे, उन्होंने निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि, छोटे लाल यादव ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मौके पर खड़ी अपनी कार में तुरंत शरण ली और वहां से तेजी से निकलकर अपनी जान बचाई। इस हमले में वह बाल-बाल बच गए, लेकिन घटना ने पूरे इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है।read more:https://worldtrustednews.in/sahitya-chetna-samaj-holds-condolence-meeting-on-the-demise-of-swara-samragini-asha-bhosle-pays-heartfelt-tribute/
घटना की जानकारी मिलते ही छोटे लाल यादव के समर्थक और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान यातायात लगभग आधे घंटे तक बाधित रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।सूचना मिलते ही सैदपुर थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम समाप्त कराया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात बहाल कराया।पीड़ित छोटे लाल यादव की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही संदेश यादव तथा उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा कारतूस बरामद कर लिए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं, इस वारदात के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *