फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो कुंडल एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 25 मार्च 2026 को संतोष पाल पुत्र रामसरन पाल ने सूचना दी थी कि यश पैलेस के पास बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उनकी मां के कानों से कुंडल लूट लिए थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी निखिल कटियार पुत्र स्व. विजय सिंह कटियार निवासी राजा नगला, कोतवाली फतेहगढ़, जनपद फर्रुखाबाद तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना को स्वीकार करते हुए अपनी गलती मानी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
इस कार्रवाई में फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।