गाजीपुर। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास भवन स्थित ऑडिटोरियम में 18 मार्च से 26 मार्च 2026 तक आयोजित ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को द्वितीय दिवस पर किसान गोष्ठी एवं किसान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदस्य विधान परिषद के प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप पाठक द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने मेले/प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान एवं लाभार्थी शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि जनपद में कृषि की अपार संभावनाएं हैं और मिलेट्स की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।किसान मेले में कृषि एवं सम्बद्ध विभागों के साथ मत्स्य, उद्यान, पशुपालन, फसल बीमा, यूपी नेडा, गन्ना विभाग, कृषक उत्पादक संगठनों तथा बीज व उर्वरक से जुड़े निजी प्रतिष्ठानों द्वारा स्टॉल लगाए गए। कृषि निदेशक ने विभाग की नौ वर्षों की उपलब्धियों को गिनाते हुए बताया कि किसानों के हित में सरकार द्वारा सबसे पहले ऋण मोचन योजना लागू की गई। उप कृषि निदेशक ने विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. दीपक प्रजापति व डॉ. शंशाक सिंह ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती पर विस्तार से प्रकाश डाला और बायोपेस्टिसाइड के उपयोग पर जोर दिया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी किसानों को दी।कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रंगबहादूर सिंह, रूद्रप्रताप सिंह, सुनील सिंह कुशवाहा एवं अंजु चतुर्वेदी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने कृषि वैज्ञानिकों एवं प्रगतिशील किसानों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और जानकारी का लाभ उठाया।