किसानों की जमीन पर संकट, अधिग्रहण के खिलाफ फूटा गुस्सा

Share

सोनभद्र। जिले के लोहरा (गुलरहवा), बट एवं तकिया दरगाह गांव के किसानों में जमीन अधिग्रहण की सूचना से आक्रोश फैल गया है। अपनी उपजाऊ जमीन बचाने के लिए सैकड़ों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व मनोज कुशवाहा ने किया, जहां ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अधिग्रहण प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
किसानों का कहना है कि प्रस्तावित भूमि पूरी तरह सिंचित और अत्यंत उपजाऊ है, जहां धान, गेहूं और सब्जियों की भरपूर खेती होती है। यही जमीन सैकड़ों परिवारों के जीवन-यापन का मुख्य आधार है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जमीन का अधिग्रहण किया गया तो उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिना समुचित जानकारी और सहमति के अधिग्रहण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे गांवों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि पूरा क्षेत्र कृषि पर निर्भर है और यह जमीन ही उनके परिवारों का एकमात्र सहारा है। ज्ञापन में बताया गया कि संबंधित क्षेत्र न्याय पंचायत बट, बंटरा के अंतर्गत आता है, जो जिले के प्रमुख कृषि क्षेत्रों में शामिल है और यहां से बड़े पैमाने पर कृषि उत्पादन होता है। प्रदर्शन में महेंद्र प्रताप सिंह, रविशंकर सिंह, कमलेश सिंह, रवि मौर्या, राजनारायण सिंह, संजय सिंह, रामबचन, अजीत कुमार, दिनेश कुमार, विनोद कुमार, सुदामा, राजेश सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *