पर्यावरण व धरती की सुरक्षा के लिए पौधे लगाए जाने व पालन पोषण पर दिया गया बल

Share
पर्यावरण व धरती की सुरक्षा के लिए पौधे लगाए जाने व पालन पोषण पर दिया गया बल
घोरावल, सोनभद्र। वन विभाग के सौजन्य से स्थानीय वन क्षेत्र के विसुंधरी गांव में एक गोष्ठी और पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। वक्ताओं ने “एक पेड़ मां के नाम – पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ” विषय पर आयोजित गोष्ठी में पर्यावरण और धरती की सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाने और उनके पालन पोषण पर बल दिया। मुख्य अतिथि के तौर पर घोरावल विधायक डॉ अनिल कुमार मौर्या ने पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि, पेड़ों से हम लोगों को छाया, औषधि, फर्नीचर, शुद्ध ऑक्सीजन जैसी न जाने कितनी वस्तुएं प्राप्त होती है। हमारे पिता, दादा, परदादा के लगाए हुए पौधे आज विशालकाय वृक्ष बन कर आज हमारे काम आ रहे हैं। आने वाले पीढ़ियों के बेहतर भविष्य, सुरक्षा और कल्याण के लिए हमें जागरुक होकर अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे। तभी धरती और मानव समाज की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाएगी। प्रभागीय वनाधिकारी कैमूर वन्य जीव विहार तापस मिहिर ने बताया कि, वृक्षारोपण जन अभियान 2024 के तहत पूरे प्रदेश में 36.5 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य है। पौधे लगाकर हमें उसका इस तरह पालन पोषण करना चाहिए, जैसे हम अपने बेटे बेटियों का पालन पोषण करते हैं। पर्यावरण संतुलन के लिए धरती के एक तिहाई भूमि पर वन का होना जरूरी है। वन क्षेत्राधिकारी सुरजू प्रसाद ने बताया कि, वीआईपी प्लांटेशन के तहत विसुंधरी गांव में 20 हेक्टेयर वन विभाग की भूमि पर 32000 पौधे लगाए जा रहे हैं। इन पौधों का विशेष तौर पर ध्यान रखा जाएगा। पेड़ों की सुरक्षा के लिए जन सहभागिता बेहद जरूरी है। इस मौके पर एसडीएम राजेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल, डिप्टी रेंजर अंजनी मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुभाष सिंह पटेल, वन दारोगा अमिलेश यादव आदि लोग रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *