बिजनौर । कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मसूरी में बुधवार की रात वृद्ध दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई । सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवो को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा जांच पड़ताल शुरू कर दी है ।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव मसूरी निवासी 70 वर्षीय जीराज पुत्र नेता सिंह अपनी पत्नी 65 वर्षीय रामरति के साथ गांव के बाहर स्थित अपने मकान में रहते थे। ग्रामीणों के अनुसार बुधवार की रात करीब नौ बजे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई । अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस आए। बताया जा रहा है कि बदमाश लूट के इरादे से घर में दाखिल हुए और नकदी लूटने का प्रयास किया।दंपति द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, जीराज ने बदमाशों का पीछा करते हुए घर से सड़क तक विरोध किया, जहां वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे गिर पड़े। बिजली आने के बाद जब लोगों की नजर उन पर पड़ी तो शोर मचाया गया।सूचना पर मौके पर पहुंचे मृतक के पुत्र बिलेन्द्र और दिनेश सहित ग्रामीणों ने घायल जीराज को उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं रामरति का शव घर के अंदर चारपाई पर मिला। जीराज के सिर और गले पर चोट के निशान पाए गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और देर रात दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।एसपी ग्रामीण ने भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और जल्द से जल्द घटना के खुलासे के निर्देश दिए।बताया जा रहा है कि मृतक जीराज बुधवार को अपनी बहन के यहां भांजे की शादी में भात भरने जाने वाले थे, जिसके चलते घर में नकदी होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और बदमाशों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि बुजुर्ग व्यक्ति का शव घर के बाहर खंबे के नीचे पड़ा हुआ मिला है ,उनका कहना है कि ग्रामीणों ने बताया है कि खंबे से कोई भारी टुकड़ा उनके सिर पर गिरा जिससे उनकी मौत हुई है और बुजुर्ग महिला की सदमे में मौत हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक खेती करते थे और उनके दो लड़के थे दोनों की शादी हो चुकी है। लड़के भी खेती करके अपने परिवार का पालन पोषण करते है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा ।