बहराइच। सोमवार को प्राथमिक विद्यालय बीबीपुर, जरवल में वान्या सोशल एंड एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा “मिशन पेंसिल” अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को कॉपी, पेंसिल एवं अन्य स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना तथा उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रेरित करना रहा।इस अवसर पर फाउंडेशन की चीफ फंक्शनरी डॉ. रेणुका चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ प्रधानाध्यापिका शैल तिवारी, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष बुधराम यादव, घनश्याम वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रेणुका चौधरी ने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार है और हमारा प्रयास है कि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने प्राप्त शैक्षिक सामग्री के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं विद्यालय परिवार ने वान्या फाउंडेशन के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा जताई।