घनश्याम मिश्राबछरावा रायबरेली
रायबरेली के बछरावां स्थित रिलायंस फैक्ट्री में ट्रक ड्राइवर पर हुए जानलेवा हमले का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। 2 तारीख को हुए इस हमले में तलवार के वार से ड्राइवर का हाथ कट जाने के बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश फैल गया है।घटना के विरोध में उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंगठन ने एक बार फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। प्रशासन द्वारा पहले दिए गए आश्वासन के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने और 10 लाख रुपये के मुआवजे की मांग पूरी न होने से नाराज ड्राइवरों ने दोबारा धरना शुरू कर दिया है। यह धरना प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शहजाद के नेतृत्व में चल रहा है, जहां बड़ी संख्या में ड्राइवर जुटने लगे हैं।मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और धरना समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन संगठन के पदाधिकारी अपनी मांगों पर अडिग रहे। उनका साफ कहना है कि जब तक पीड़ित को न्याय और उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।धरना स्थल पर बढ़ती भीड़ और आक्रोश को देखते हुए स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। स्थानीय प्रशासन सतर्क है, लेकिन ड्राइवरों के तेवर फिलहाल नरम पड़ते नजर नहीं आ रहे हैं। यह मामला अब एक बड़े आंदोलन का रूप लेता दिख रहा है, जिस पर पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हैं।