छात्राओं से संवाद कर डॉ. बबीता सिंह चौहान ने दिया सशक्तिकरण का संदेश

Share
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में ‘छात्राओं से संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन गाजीपुर के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी ने की, जबकि जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी एवं महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष द्वारा महाविद्यालय की छात्राओं के साथ किया गया संवाद रहा। इस संवाद का उद्देश्य छात्राओं को सशक्त बनाना, उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, सुरक्षा के प्रति सचेत करना तथा उन्हें शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करना था।
अपने संबोधन में डॉ. बबीता सिंह चौहान ने छात्राओं को निडर, जागरूक और आत्मविश्वासी बनने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए समाज में समानता और स्वतंत्रता के लिए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि महिलाओं से जुड़ी किसी भी समस्या—चाहे वह व्यक्तिगत हो, परिवार या मोहल्ले से संबंधित—के समाधान के लिए वे उनसे सीधे संपर्क कर सकती हैं।
संवाद के दौरान छात्राओं ने महिलाओं की सुरक्षा, एसिड अटैक से जुड़े कानून, बाल विवाह की समस्या, दूर-दराज क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग और सीसीटीवी निगरानी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रश्न पूछे। इन सभी सवालों का अध्यक्ष द्वारा विस्तार से जवाब दिया गया। छात्राओं शाइस्ता परवीन, आकांक्षा सिंह, काजल और समायला नाज सहित कई छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।कार्यक्रम का संयोजन और संचालन लेफ्टिनेंट डॉ. शशिकला जायसवाल ने किया। उन्होंने छात्राओं को महिला आयोग की भूमिका, उसके दायित्व और समाज में उसकी महत्ता के बारे में जानकारी दी।अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. रामनाथ केसरवानी, डॉ. निरंजन कुमार यादव, डॉ. सारिका सिंह, डॉ. शिखा सिंह, डॉ. संगीता, महिला थाना प्रभारी नीतू, महिला पुलिसकर्मी, जिला प्रोबेशन कार्यालय के कर्मचारी तथा महाविद्यालय की एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना और रेंजर की छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *