विश्व पर्यावरण दिवस पर डीएम ने किया वृक्षारोपण
अन्य अधिकारियों ने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संचेतना का दिया संदेश
भदोही। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुधवार को जिलाधिकारी विशाल सिंह के निर्देशन में प्रभागीय वनाधिकारी नीरज आर्य की देख-रेख में गांव से लेकर जिला मुख्यालय तक विभिन्न गतिविधियों व कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। वन विभाग, उद्यान विभाग एवं जिला गंगा समिति की तरफ से कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव नारायण सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज आर्य, जिला उद्यान अधिकारी ममता सिंह यादव सहित वृक्षारोपण करते हुए पर्यावरणीय संतेचना का संदेश दिया। लाइफ प्रतिज्ञा कर पर्यावरण को बचाने के लिए अपने दैनिक जीवन में हर संभव बदलाव लाने पर बल दिया।
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण की जनजागरूकता के लिए युवक मंगल व प्रादेशिक विकास दल के जवानों एवं छात्रों द्वारा रैली निकाली गई। डीएम ने विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वच्छ एवं हरित धरती के लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हम सबको उपलब्ध संसाधनों के विनाशकारी उपभोग के स्थान पर विवेकपूर्ण व समझदारी से उपयोग को जन-अभियान व जन-आंदोलन बनाना है। वास्तव में ‘मिशन लाइफ जीवनशैली में परिवर्तन कर जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने एवं शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के मूल मंत्र है। मिशन लाइफ गतिविधियों में ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग में कमी, सतत् खाद्य प्रणाली को अपनाना, अपशिष्ट में कमी (स्वच्छता अभियान), स्वस्थ्य जीवन शैली को अंगीकृत करना एवं ई-अपशिष्ट कम करना आदि शामिल है। एडीएम शिव नारायण सिंह ने पर्यावरण जीवन शैली को अपनाने और दीर्घकालिक पर्यावरण के आदतों को विकसित करने में जागरूक रूप से भाग लेने के लिए लोगो से अपील किया। डीएफओ नीरज आर्य ने बताया कि कलेक्ट्रेट सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी जन जागरूकता कार्यक्रम के साथ ही रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने अधिकाधिक वृक्ष लगाने के संदेश से जनमानस को जागरूक किया गया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न आयामों, घटको-ऊर्जा की बचत, जल संचय, सिंगल यूज प्लास्टिक में कमी, सतत् खाद्य प्रणाली को अपनाना, अपशिष्ट में कमी (स्वच्छता क्रियाएं), स्वस्थ जीवन शैली, ई-वेस्ट में कमी के अन्तर्गत दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली अपनाने के लिए जनपदवासियों से अपील किया है। जिला उद्यान अधिकारी ममता सिंह यादव ने कहा कि हम सभी को वृक्षारोपण कर पृथ्वी के हरितिमा को बढ़ाना है। वास्तव में हरी-भरी धरती ही पृथ्वी का श्रृंगार है।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर जिला विद्यालय निरीक्षक बी भारती एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की सीख दी। जनपद के सातों नगरीय निकायों के अध्यक्ष व सदस्यों एवं अधिशासी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए पर्यावरण के व्यापक संरक्षण के लिए संगोष्ठी आयोजित कर स्थानीय निवासियों को जागरूक किया गया।