डीएम और एसपी का पेट्रोल पंपों का संयुक्त निरीक्षणः बिना हेलमेट पेट्रोल देने पर नाराजगी

Share
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने शुक्रवार को जिले के प्रमुख पेट्रोल पंपों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शुक्ला फिलिंग स्टेशन घरांव ज्ञानपुर, प्रत्यूष फिलिंग स्टेशन, आदित्य फिलिंग स्टेशन राजपुरा भदोही और जिओ पेट्रोल पंप का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। पंपों की सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं का जायजा लिया। डीएम शैलेष कुमार ने पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करते हुए ग्राहकों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल भराने आए ग्राहकों से पूछा कि क्या उन्हें पेट्रोल पंप पर कोई असुविधा हो रही है या उन्हें निश्चित रकम की मांग तो नहीं की जा रही है। ग्राहकों ने डीएम के सवाल का सकारात्मक जवाब देते हुए बताया कि उन्हें पंप पर कोई समस्या नहीं हो रही है और न ही किसी प्रकार की अतिरिक्त मांग की जा रही है। डीएम व एसपी की संयुक्त निरीक्षण में प्रत्यूष फिलिंग स्टेशन मूंसीलाटपुर में पेट्रोल पम्प संचालक द्वारा बैरियर लगे होने पर उसे तुरंत हटाने का निर्देश दिया। कार्य व्यवस्था सुव्यवस्थित न होने पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को जॉच करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा मानकों की अनुपालन को लेकर कड़ी समीक्षा की। सबसे पहले उन्होंने पंपों पर बिना हेलमेट के पेट्रोल देने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा यह हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है कि हम सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करें। बिना हेलमेट पेट्रोल देने से न केवल कर्मचारियों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है, बल्कि उपभोक्ताओं को भी जोखिम हो सकता है। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों से स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी कर्मचारी बिना हेलमेट के पेट्रोल न दे और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए। वहीं पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति से संबंधित शिकायतों की जांच के लिए भी निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि कुछ स्थानों पर उपभोक्ताओं द्वारा पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में असुविधा की शिकायतें आ रही थी। इस पर उन्होंने संबंधित पंप संचालकों से फीडबैक लिया और सुनिश्चित किया कि भविष्य में ऐसी समस्याएं न हों। पंप संचालकों को चेतावनी दी कि यदि किसी भी पंप पर ईंधन की कमी या आपूर्ति में कोई अनियमितता पाई जाती है, तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन इस मामले में पूरी तरह सख्त रहेगा और कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पंप संचालकों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि ईंधन की आपूर्ति सही मात्रा में और सही तरीके से की जाए। उन्होंने विशेष रूप से डीजल की आपूर्ति के दौरान उसकी वैधता और उपयोगिता की पुष्टि करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी अवैध या अनुचित तरीके से डीजल का उपयोग न कर सके।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने भी पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए पेट्रोल पंप संचालकों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा, पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। प्रशासन इस पर पूरी नजर रखेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *