जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न, जनप्रतिनिधियों ने उठाई विकास संबंधी समस्याएं

Share
गाजीपुर । जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन सभागार में जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, मोहम्मदाबाद विधायक सुहेब उर्फ मन्नू अंसारी, सदर विधायक जैकिशन साहू सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख एवं जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।बैठक की शुरुआत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के स्वागत-सम्मान से हुई। इसके बाद अध्यक्ष ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर बैठक की समीक्षा प्रारंभ की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह बैठक जनपद के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और पहली बार इस स्वरूप में आयोजित की जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विकास की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों पर होती है और सभी को मिलकर जनपद को विकास की दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए।अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को गंभीरता से लिया जाए तथा शासन स्तर पर होने वाले पत्राचार की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, सिंचाई और किसानों के लिए खाद वितरण जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने और संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि बिजली बिल या चेकिंग के नाम पर किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशान न किया जाए।मनरेगा की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि 67 लाख मानव दिवस के लक्ष्य के सापेक्ष फरवरी तक 66 लाख की उपलब्धि हासिल की जा चुकी है। इस पर अध्यक्ष ने लक्ष्य को और बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को रोजगार मिल सके। मुख्यमंत्री आवास योजना में विधवा एवं दिव्यांगों को प्राथमिकता देने तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक ब्लॉक में किसान कल्याण केंद्र स्थापित करने के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा गया। इसके अलावा लघु सिंचाई, जल निगम, पशुपालन, मत्स्य, समाज कल्याण एवं छात्रवृत्ति योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान पर भी विशेष चर्चा की गई।बैठक में विभिन्न योजनाओं जैसे मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, उज्ज्वला योजना, युवा रोजगार एवं उद्यमी योजनाओं, पशुपालन, मत्स्य, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, छात्रवृत्ति और अन्य विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने आश्वासन दिया कि बैठक में उठाई गई सभी समस्याओं और शिकायतों का निस्तारण नियमानुसार शीघ्र कराया जाएगा। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, डीसी मनरेगा विजय यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *