जहानगंज /फर्रुखाबाद। जनपद फर्रुखाबाद के थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव मुबारकपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पत्नी के मायके जाने से नाराज होकर 132 केवीए हाईटेंशन विद्युत लाइन के पोल पर चढ़ गया। युवक की इस हरकत से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों व आसपास के गांवों की भारी भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी के मायके चले जाने से बेहद आहत और मानसिक तनाव में था। गुस्से और निराशा में वह गांव के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के पोल पर जा चढ़ा। पोल पर चढ़ने के बाद उसने नीचे उतरने से साफ इनकार कर दिया।मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। युवक का कहना था कि वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था, लेकिन वहां उसके ससुराल वालों ने पत्नी को उसके साथ भेजने से मना कर दिया और उसे अपमानित कर वापस लौटा दिया।युवक बार-बार यही कहता रहा कि “जब तक मेरी पत्नी मायके से वापस नहीं आएगी, मैं नीचे नहीं उतरूंगा।” उसकी इस जिद से परिजन और ग्रामीण परेशान हो उठे।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। टीम द्वारा उसे लगातार समझाया जा रहा था, लेकिन युवक अपनी मांग (जिद )पर अड़ा हुआ था।घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ ग्रामीण युवक को समझाते रहे कि उसकी ससुराल में सूचना भेज दी गई है और उसकी पत्नी जल्द ही वापस आ जाएगी, इसलिए वह नीचे उतर आए। बावजूद इसके, समाचार लिखे जाने तक युवक पोल से उतरने को तैयार नहीं हुआ था।इस पूरे घटनाक्रम ने गांव में हाई वोल्टेज ड्रामा जैसा माहौल बना दिया, जहां एक ओर परिजन चिंता में डूबे रहे, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर तमाशबीन बनी रही। पुलिस व दमकल विभाग की टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।