दोहरे हत्याकांड की जांच में पुलिस पर ‘जुल्म’ का आरोप, भड़के स्थानीय निवासी- लगाया पूछताछ के नाम पर थाने ले जाकर मारपीट का आरोप; दहशत में जी रहे मोहल्लेवासियों ने, नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
कायमगंज/फर्रुखाबाद-नगर के मोहल्ला कूंचा में हुए वृद्ध दंपत्ति दोहरे हत्याकांड की जांच के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील पहुंचे और पुलिस पर निर्दोष लोगों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।ग्रामीणों ने बताया कि 26 फरवरी को मोहल्ला निवासी पुरुषोत्तम कौशल और उनकी पत्नी पुष्पा कौशल की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। मामले के खुलासे के लिए एसओजी सहित कई टीमें जांच में लगी हैं।मोहल्लेवासियों का आरोप है कि जांच के नाम पर पुलिस गरीब परिवारों के पुरुषों को थाने ले जाकर पूछताछ करती है और मारपीट व गाली-गलौज करती है।तहसील पहुंचे लोगों में काजल, सरिता और माया देवी ने बताया कि उनके परिवार के पुरुष पानी-पताशे, पापड़ी और कुरमुरे बेचकर गुजारा करते हैं, लेकिन पुलिस बार-बार उन्हें उठाकर ले जाती है और मारपीट कर प्रताड़ित किया जा रहा है , जिससे पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
एसडीएम की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार अनवर हुसैन को ज्ञापन सौंपते हुए अजय कौशल, किशन और सचिन ने मांग करते हुए कहा कि पुलिस सभ्य तरीके से पूछताछ करे और निर्दोषों को परेशान न किया जाए।वहीं प्रभारी निरीक्षक मदनमोहन चतुर्वेदी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि घटना दिनदहाड़े हुई थी, इसलिए आसपास के लोगों से पूछताछ जांच का हिस्सा है और पुलिस का उद्देश्य केवल आरोपियों तक पहुंचना है।