गाजीपुर :नवीन शैक्षणिक सत्र के मद्देनज़र जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के समस्त प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों की एक महत्वपूर्ण बैठक राजकीय सिटी इंटर कॉलेज के राजदीप हाल में आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य व प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने नए सत्र की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान विशेष रूप से ‘स्कूल चलो अभियान’ को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई, जिसे प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल बताया गया। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि अपने विद्यालय से 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से समन्वय स्थापित करें और कक्षा 8 उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं का अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करें।जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि नए सत्र की शुरुआत के साथ ही नामांकन बढ़ाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए विद्यालय स्तर पर विशेष अभियान चलाने और अभिभावकों से संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।बैठक में राजकीय सिटी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश यादव, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य रागिनी श्रीवास्तव, राजकीय हाई स्कूल खानपुर के प्रधानाध्यापक उमेश मिश्रा, जिला समन्वयक कुश कुमार राय सहित अन्य शिक्षाधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने अपने-अपने सुझाव भी साझा किए और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।