होली मिलन समारोह में उमड़ा व्यापारियों का हुजूम

Share

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के बैनर तले सोमवार की शाम नगर स्थित एक लॉन में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पंडित अजय शेखर, सदर विधायक भूपेश चैबे तथा पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया, वहीं नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में नगर के व्यापारियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और गले मिलकर भाईचारे का संदेश दिया। फागुनी माहौल में गीत-संगीत के बीच उपस्थित लोग रंगों में सराबोर होकर झूमते नजर आए। कार्यक्रम स्थल पर हंसी-खुशी और उल्लास का वातावरण बना रहा। जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी वर्ग देश का मजबूत स्तंभ है। उन्होंने बसंत ऋतु की सुंदरता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मौसम में प्रकृति रंग, स्वर और सुगंध से भर उठती है। फूलों की रंगत, कोयल की मधुर आवाज और आम्र मंजरी की खुशबू वातावरण को आनंदमय बना देती है। उन्होंने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह त्योहार प्रकृति और मानव के बीच समन्वय का संदेश देता है, जिसमें नव ऊर्जा, उमंग और उत्साह का संचार होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *