सोनभद्र। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) द्वारा 24 मार्च 2026 को दिल्ली में प्रस्तावित विशाल रैली की तैयारियों को लेकर सोमवार को जनपद सोनभद्र में पार्टी नेताओं ने बैठक कर जनसंपर्क अभियान तेज करने का निर्णय लिया। इस दौरान माकपा के पोलित ब्यूरो सदस्य डॉ. हीरालाल यादव ने सभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला।उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की उदारीकरण और कॉर्पोरेटपरस्त नीतियों के कारण देश में महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। सरकार जनता के जीवन, जीविका और रोजगार के अधिकारों पर लगातार हमला कर रही है, जिससे आम लोगों में व्यापक असंतोष बढ़ रहा है। सभा को संबोधित करते हुए माकपा के जिला मंत्री नंदलाल आर्य ने कहा कि 24 मार्च को दिल्ली में होने वाली रैली जन विरोधी नीतियों के खिलाफ बड़ी लड़ाई का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में 12 फरवरी को हुई अखिल भारतीय हड़ताल में देशभर में 30 करोड़ से अधिक किसानों और मजदूरों ने भाग लेकर सरकार की नीतियों का विरोध किया था। नेताओं ने कहा कि दिल्ली रैली में चार श्रम संहिताओं को रद्द करने, अमेरिका के साथ प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट वापस लेने, बीज विधेयक को निरस्त करने, मनरेगा को मजबूत करने, बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर योजना बंद करने, किसानों की जबरन भूमि अधिग्रहण रोकने और गरीबों के खिलाफ चल रहे उजाड़ो अभियान को बंद करने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी नेताओं ने कहा कि इन जन मुद्दों को लेकर सोनभद्र सहित पूरे देश में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक 24 मार्च को दिल्ली रैली में शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता को रैली के उद्देश्यों से अवगत कराने और अधिक से अधिक लोगों को इसमें शामिल करने का आह्वान किया।