सलीम अहमद गाजीपुर जमानियां। भारत के पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी जगजीवन राम की 118वीं जयंती के अवसर पर क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसी क्रम में चांदपुर नई बस्ती स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव नसीम अख्तर के नेतृत्व में बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नसीम अख्तर ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का जन्म बिहार के चंदवा गांव में हुआ था और उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित एवं शोषित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने लगभग 50 वर्षों तक सांसद और करीब 30 वर्षों तक केंद्रीय मंत्री के रूप में देश की सेवा की। वे महात्मा गांधी के अनुयायी रहे और भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करते हुए जेल भी गए।उन्होंने आगे बताया कि बाबूजी ने कृषि, श्रम, परिवहन, रेल और खाद्य जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का कुशल नेतृत्व करते हुए देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन सामाजिक न्याय, समानता और समता मूलक समाज की स्थापना के लिए समर्पित रहा।जयंती के अवसर पर देशभर में भी विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। बिहार की राजधानी पटना सहित कई शहरों में राजकीय समारोहों में उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया गया। नेताओं और समर्थकों ने बाबूजी के सामाजिक न्याय के संघर्ष को प्रेरणादायी बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।इस अवसर पर अभिमन्यु बिन्द, संतोष गुप्ता, चंद्रमा यादव, माखन वर्मा, कमल यादव, अमरनाथ यादव, धनंजय कुशवाहा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिजय नारायण तिवारी ने की।