ललितपुर- मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत आज दिनांक 07.04.2026 को पुलिस अधीक्षक, मो0 मुश्ताक के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।अभियान के दौरान महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा), 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) के संबंध में जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इनके उपयोग हेतु प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त, UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई तथा सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल/खातों से धोखाधड़ी आदि से बचाव के व्यावहारिक उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों से संबंधित प्रमुख कानूनों—POCSO एक्ट (बाल यौन शोषण से संरक्षण), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने हेतु यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास की भावना को सुदृढ़ करना तथा अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी रूप से लागू करना है। ललितपुर पुलिस समस्त महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा अथवा आपराधिक घटना की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाना या उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।