लाखों रूपए से निर्मित सामुदायिक शौचालय बना शो-पीस-बिजली के अभाव में खाली पड़ी पानी टंकी, ग्रामीण परेशान

Share

म्योरपुर, सोनभद्र। विकास खंड के ग्राम पंचायत जामपानी के सरतान टोला हरिचरण गोड़ के घर के पास निर्मित सामुदायिक शौचालय इन दिनों अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। बिजली के अभाव में सामुदायिक शौचालय में पानी तक की व्यवस्था नहीं है।ग्रामीणो ने बताया कि कई वर्ष पूर्व शौचालय निर्माण कराया गया था, लेकिन बिजली न होने के कारण यहां पानी की सुविधा नहीं है। रात के समय एवं भोर में शौचालय का उपयोग करने वाले लोगों को काफी दिक्कतांे का सामना करना पड़ता है। भोर एवं रात में अंधेरा होने के कारण विषैले जीव जंतुओं का डर सताता है। लोगों ने बताया कि सामुदायिक शौचालय का निर्माण तो करा दिया गया, सरकारी खजाने से बोरिंग भी कराई गई है, लेकिन बिजली के अभाव में बोरिंग में लगा समरसेबल पंप बंद पड़ा है। पानी के अभाव में क्षेत्रीय ग्रामीण इस शौचालय का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीण हरदेव, रामप्रसाद, शिवशंकर, शिवप्रसाद, हरिकिशुन, रामवृक्ष, ननकू, जयसिंह, देवसिंह, संगीता आदि ने जिलाधिकारी का इस ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए सामुदायिक शौचालय में बिजली की व्यवस्था कराए जाने की मांग किया है। उधर इस बावत ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने कहा कि शौचालय का निर्माण वर्ष 2021 से पहले कराया गया था और पहले बिजली की सप्लाई शौचालय में थी। अगर वर्तमान में नहीं है तो उसे बिजली विभाग से संपर्क कर देखवाता हूं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *