बीना, सोनभद्र। बीना पुलिस चैकी क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब कोयला लोड ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े राखड़ लदे वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। घटना मिश्रा गांव के पास शाम करीब 6ः10 बजे हुई। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।बताया जा रहा है कि शक्तिनगर से अनपरा की ओर जा रहा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर खड़े वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का केबिन बुरी तरह पिचक गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों अंकुश, विनय, अंशु, बाबूलाल और राम लखन के अनुसार क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद चालक ने स्वीकार किया कि वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में आक्रोश देखा गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। वहीं मजदूर सभा (सपा) के जिला सचिव अंशु ने भी प्रशासन से वाहनों की नियमित जांच, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की पड़ताल और ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।