रायबरेली जिले में दबंगई के बढ़ते हौसलों का एक और शर्मनाक उदाहरण सामने आया है। गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दीनशाह गौरा के भोपाल सिंह स्थित श्री राम क्लीनिक पर देर शाम चार दबंगों ने खुले आम हमला बोल दिया। स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार इन बदमाशों ने क्लीनिक संचालक के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की खुली धमकी दी। पीड़ित क्लीनिक संचालक ने बताया कि यह पूरी घटना प्रांशु मौर्य निवासी सुठ्ठा हरदो के इशारे पर अंजाम दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि चारों आरोपी स्कॉर्पियो से उतरे और सीधे क्लीनिक पर पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने क्लीनिक संचालक को ललकारते हुए कहा कि अगर उन्होंने बात नहीं मानी तो उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। धमकी इतनी गंभीर थी कि क्लीनिक संचालक को अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर गहरी आशंका सताने लगी है।उन्होंने कहा, मुझे डर है कि कहीं इन दबंगों द्वारा मेरे परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना न हो जाए। सीसीटीवी कैमरे ने इस पूरी वारदात को रिकॉर्ड कर लिया है।वीडियो फुटेज में स्कॉर्पियो से उतरते चारों बदमाश, उनकी आक्रामक हरकतें, गाली-गलौज और धमकी देते हुए क्लीनिक संचालक से बहस करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। यह फुटेज अब तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में आक्रोश की लहर पैदा कर रहा है। पीड़ित ने तुरंत गदागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। न तो किसी आरोपी को हिरासत में लिया गया है और न ही प्रांशु मौर्य के खिलाफ कोई जांच शुरू की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की इस लापरवाही से दबंगों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं।स्थानीय लोग में चर्चाएं हैं कि अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो ऐसी घटनाएं बढ़ती जाएंगी और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना और मजबूत होगी।अब सवाल यह है कि क्या रायबरेली पुलिस इस मामले में सक्रियता दिखाएगी और दबंगों पर लगाम लगाएगी, या फिर यह घटना भी अन्य कई मामलों की तरह दबा दी जाएगी…?