जरहां न्याय पंचायत में बच्चों ने निकाली स्कूल चलो अभियान की रैली
बीजपुर। न्याय पंचायत जरहां अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय बीजपुर में सोमवार को सर्व शिक्षा अभियान के तहत बच्चों ने स्कूल चलो रैली निकाली। रैली का शुभारंभ कंपोजिट विद्यालय बीजपुर के प्रधानाध्यापक विनोद पांडेय ने किया। रैली विद्यालय से निकल कर पुनर्वास प्रथम, बीजपुर बाजार, डोड़हर मोड़ से होते हुए विद्यालय में पहुंची। रैली में बच्चों द्वारा आधी रोटी खाएंगे, फिर भी स्कूल जाएंगे, दीप से दीप जलाएंगे, साक्षर देश बनाएंगे, हम बच्चों का नारा है शिक्षा का अधिकार हमारा है, मम्मी पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलकर नाम लिखाओ आदि नारों द्वारा अविभावकों से अपने बच्चों को स्कूल भेजने की अपील किया गया। ग्राम प्रधान बीजपुर प्रतिनिधि विश्राम सागर गुप्ता ने भी रैली में सम्मिलित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान प्रधानाध्यापक विनोद पांडेय अभिभावकों से अपील किया कि अपने परिवार के 6 वर्ष से 14 वर्ष तक के बच्चों के नाम विद्यालयों में अवश्य लिखवाएं। विद्यालय में पर्याप्त भौतिक संसाधन उपलब्ध हैं। पर्याप्त कमरे, बच्चों को बैठने के लिए डेस्क बेंच, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पंखे, स्मार्ट क्लास एवं प्रोजेक्टर की व्यवस्था है। यहां के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं में ब्लाक, जनपद, मण्डल रैली में प्रथम स्थान हासिल करते हुए राज्य स्तर की प्रतियोगिता में पहुंचते हैं। शिक्षा का अधिकार बच्चों का मौलिक अधिकार है। इसीलिए प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने में अभिभावकों को मदद करनी चाहिए। रैली में विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं व बच्चे मौजूद रहे।