बिजनौर/नगीना। धामपुर रोड स्थित रामलीला बाग के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 7 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, शेरकोट के मोहल्ला कुल्लाहा निवासी हुमा अपने रिश्तेदार अनस (21) पुत्र गीलू, निवासी मोहल्ला कुम्हड़ा शेरकोट के साथ रविवार सुबह करीब 10:15 बजे अपाचे बाइक से नगीना के मोहल्ला कलालान स्थित अपने मायके जा रही थीं।इसी दौरान नगीना धामपुर रोड पर रामलीला बाग के सामने धामपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में बाइक आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर बैठे 7 वर्षीय हम्माद के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे अनस और हुमा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार और कोतवाली प्रभारी अवनीत मान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना भेजा गया।सीएचसी में चिकित्सकों ने हम्माद को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल हुमा और अनस को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बिजनौर रेफर कर दिया गया।पुलिस ने मृतक बच्चे के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।