गोरखपुर के बड़हलगंज कस्बे में स्थित केनरा बैंक की शाखा में कार्यरत कर्मचारी प्रमोद कुमार को पदोन्नति मिली है। इस अवसर पर बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों ने उन्हें बधाई दी। शाखा के कर्मचारियों ने प्रमोद कुमार को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।गुरुवार को बैंक के वरिष्ठ ग्राहक और अनुपम मेडिकल के प्रोपराइटर उपेंद्र नाथ राय ने प्रमोद कुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। उन्होंने प्रमोद कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने सरल व्यवहार और ग्राहकों के प्रति सहयोगी रवैये के कारण सभी के बीच लोकप्रिय हैं।इसी अवसर पर शाखा प्रबंधक संजीव कुमार यादव ने वित्तीय वर्ष के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर सभी बैंक कर्मचारियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्होंने कर्मचारियों को डायरी और कलम भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।प्रबंधक यादव ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक की प्रगति में उनकी मेहनत और ग्राहकों के प्रति सेवा भावना का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कर्मचारियों से ग्राहकों को संतुष्ट रखते हुए मेहनत और ईमानदारी से कार्य जारी रखने की अपील की।इस कार्यक्रम में अनिल कुमार भारती, राजबहादुर भारती, श्रीमती शैलजा सिंह, रविंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, महेंद्र राय, विजय शंकर तिवारी सहित बैंक के अन्य कर्मचारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।