एशियाई खेल पदक विजेता को हराकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमके बलरामपुर के हर्षवर्धन मणि दीक्षित

Share
मोहित अरोड़ा-बलरामपुर/दृढ़ संकल्प, कठोर परिश्रम और अटूट आत्मविश्वास के बल पर बलरामपुर के पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी हर्षवर्धन मणि दीक्षित ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। एशियाई खेल पदक विजेता को पराजित कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के आगे हर चुनौती छोटी पड़ जाती है।26 से 28 फरवरी 2026 तक इंदौर के अभय प्रशाल में आयोजित यूटीटीआई पैरा सीनियर टेबल टेनिस राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025-26 में हर्षवर्धन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता Table Tennis Federation of India के तत्वावधान में तथा MP Table Tennis Association और Para Table Tennis Promotion Association द्वारा आयोजित की गई थी।read more :https://khabarentertainment.in/dm-and-sp-conducted-flag-march-in-view-of-holi-festival-and-ramzan-month/
हर्षवर्धन व्हीलचेयर कैटेगरी क्लास-1 में प्रतिस्पर्धा करते हैं। पैरा टेबल टेनिस में क्लास-1 सबसे चुनौतीपूर्ण श्रेणियों में से एक मानी जाती है, जिसमें खिलाड़ियों की शारीरिक गतिशीलता सीमित होती है और उन्हें संतुलन, हाथों की ताकत और रणनीति के आधार पर खेलना पड़ता है। इस वर्ग में खेलना अत्यधिक तकनीकी दक्षता और मानसिक दृढ़ता की मांग करता है।प्रतियोगिता के एक महत्वपूर्ण मुकाबले में उन्होंने हरियाणा के एशियाई खेल पदक विजेता संदीप डांगी को हराकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही मेन डबल्स (एमडी-4) श्रेणी में कांस्य पदक भी जीता। एकल स्पर्धा में उन्होंने 3-0 से प्रभावशाली जीत दर्ज की (11-3, 11-5, 11-7)।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हर्षवर्धन दुबई और जॉर्डन में आयोजित प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कजाकिस्तान में आयोजित वर्ल्ड पैरा चैलेंजर में टॉप-30 विश्व रैंकिंग में स्थान बनाना उनकी बड़ी उपलब्धि रही है। वर्ष 2026 की वर्ल्ड चैंपियनशिप क्वालिफिकेशन सूची में भी उन्होंने अपना स्थान सुनिश्चित किया है।हर्षवर्धन का सपना भारतीय सेना में जाकर देश सेवा करने का था, लेकिन वर्ष 2009 में गंभीर रीढ़ की चोट (C4-C5) के बाद उनका जीवन बदल गया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और पैरा खेलों को अपना लक्ष्य बनाकर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 74 पदक जीतकर इतिहास रच दिया।उनकी उपलब्धियों के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। भारतीय निर्वाचन आयोग ने उन्हें ब्रांड एंबेसडर बनाया, जबकि फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने उन्हें नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया।आज हर्षवर्धन मणि दीक्षित की सफलता न केवल बलरामपुर बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *