हिमांशु मौर्या –गाजीपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार, 8 मार्च 2026 को जखनियां ब्लॉक के जलालाबाद ग्राम सभा स्थित ग्राम पंचायत भवन में सौहार्द एवं बंधुत्व मंच एवं यूनिटी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जलालाबाद, उतरौला, महेशुआ, दुल्लहपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लड़कियां और महिलाएं उपस्थित हुईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की लड़कियों और महिलाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा और नेतृत्व के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत और भाषण आयोजित किए गए।read more:https://pahaltoday.com/complaint-of-illegal-felling-of-green-mango-trees-in-belhara/
इन गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक सशक्तिकरण के विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित लड़कियों और महिलाओं ने अपने विचार साझा करते हुए समाज में समान अवसर और सम्मान की आवश्यकता पर जोर दिया।इस अवसर पर मंच के नेतृत्वकर्ता हिमांशु मौर्य ने कहा कि समाज में महिलाओं और लड़कियों की भागीदारी बढ़े बिना समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित होना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकार केवल मांगने से नहीं मिलते, बल्कि उन्हें पाने के लिए संघर्ष और निरंतर प्रयास करना पड़ता है। उन्होंने लड़कियों से शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।कार्यक्रम में टीम की लीडर अन्य चौहान, वैष्णवी चौहान, शालू प्रजापति और अंशिका मौर्य सहित अन्य दर्जनों लड़कियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने महिलाओं के अधिकारों, समानता और सम्मान के लिए निरंतर आवाज उठाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।