गाजीपुर दुल्लहपुर। ग्राम सभा चुरामनपुर में सौहार्द एवं बंधुत्व मंच एवं यूनिटी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में महिला सदस्यों के साथ एक विस्तृत जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सामाजिक जागरूकता से जोड़ना रहा।बैठक की जिम्मेदारी फाउंडेशन की सक्रिय सदस्य वंदना कुमारी ने निभाई। इस दौरान गांव की दर्जनों महिलाएं एवं युवतियां उपस्थित रहीं, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की और अपने विचार खुलकर व्यक्त किए।कार्यक्रम में महिलाओं को संविधान में निहित उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।बैठक के दौरान उपस्थित महिलाओं ने अपने-अपने अनुभव, समस्याएं और सुझाव साझा किए, जिस पर गंभीरता से चर्चा की गई। इस संवाद के माध्यम से सामाजिक मुद्दों, घरेलू चुनौतियों तथा महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर दुल्लहपुर थाने से तीन कांस्टेबल एवं एक महिला कांस्टेबल भी मौजूद रहीं। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि विपरीत परिस्थितियों में बिना डरे किस प्रकार साहस के साथ सामना करना चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता कैसे ली जा सकती है। इस दौरान यूनिटी फाउंडेशन के संस्थापक हिमांशु मौर्य ने लड़कियों एवं महिलाओं को नेतृत्व के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को किसी भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और संगठित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। यह बैठक महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।