19 साल की उम्र में बनी देश की सबसे कम उम्र की महिला सीए

Share

जयपुर।राजस्थान के झुंझुनूं जिले की प्रतिभाशाली छात्रा राजकुमारी पारीक ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी की अंतिम परीक्षा पास कर देश की सबसे कम उम्र की महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने महज 19 वर्ष 126 दिन की आयु में यह उपलब्धि हासिल कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले देश की सबसे कम उम्र की महिला सीए बनने का रिकॉर्ड मध्य प्रदेश के मुरैना की नंन्दनी अग्रवाल के नाम था, जिन्होंने करीब 19 वर्ष 330 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। राजकुमारी पारीक ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया है। राजकुमारी की सफलता की खास बात यह है कि उन्होंने अपनी पढ़ाई और प्रशिक्षण का अधिकांश हिस्सा अपने गृह जिले झुंझुनूं से ही पूरा किया। उनकी प्रारंभिक शिक्षा भी झुंझुनूं में ही हुई। इसके बाद उन्होंने सीए की प्रारंभिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारी भी स्थानीय स्तर पर करते हुए सफलता हासिल की। चार्टर्ड अकाउंटेंसी की परीक्षा को देश की सबसे कठिन पेशेवर परीक्षाओं में से एक माना जाता है। बताया जाता है कि राजकुमारी के पिता हेमंत कुमार पारीक अरुणाचल प्रदेश में मोटर पार्ट्स के व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता सावित्री देवी गृहिणी हैं। परिवार ने हमेशा उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया, जिसका परिणाम आज देश के सामने एक मिसाल के रूप में सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *