सोनाद्र। इण्डियन आयल कार्पोरेशन लिमिटेड (सीएसआर) के सहयोग से डायट परिसर उरमौरा में दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके जीवन को सुगम बनाना है। कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चैबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि दिव्यांगजनों के कार्यों को देखकर आत्मीय प्रेम और प्रेरणा की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि समाज में कई ऐसे दिव्यांगजन हैं जो बचपन से मानसिक या शारीरिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं और बोल भी नहीं पाते, लेकिन ईश्वर ने उन्हें अद्भुत समझ और संवेदना की शक्ति प्रदान की है। यदि हम उनके पास जाकर उनसे संवाद करने का प्रयास करें तो वे हमारी भावनाओं को तुरंत समझ लेते हैं। उन्होंने कहा कि समाज का दायित्व है कि दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें सम्मान और सहयोग प्रदान किया जाए। इण्डियन आयल द्वारा सीएसआर फण्ड के माध्यम से किया गया यह प्रयास सराहनीय है, जिससे दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में सहूलियत मिलेगी और आत्मनिर्भर बन सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण जैसे व्हीलचेयर, बैसाखी, ट्राईसाइकिल तथा अन्य उपयोगी उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए शासन द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के सहयोग से दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। मौके पर समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला दिव्यांगजन अधिकारी विद्या देवी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मूकुल आनन्द पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए एसके राय, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।