बाजार शुक्ल/अमेठी। कंपोजिट स्कूलों में अनियमितता और बिना सूचना अनुपस्थिति के मामलों में कड़ी कार्रवाई करते हुए बाजार शुक्ल क्षेत्र के एक सहायक शिक्षक को तीसरी बार निलंबित किया गया है, जबकि 39 अन्य शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशकों को नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई बीएसए संजय तिवारी के निर्देशन में की गई।प्राथमिक विद्यालय पुर बख्तावर के सहायक अध्यापक संतोष कुमार पाल 30 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए। बीईओ के निरीक्षण में उनकी गैरहाजिरी सामने आई, जिसकी रिपोर्ट कार्यालय को भेजी गई। इसके बाद उन्हें निलंबित कर ब्लॉक संसाधन केंद्र बाटपुर से संबद्ध कर दिया गया। मामले की जांच शशांक मिश्रा द्वारा की गई।वहीं 20 जनवरी से 20 फरवरी तक चलाए गए निरीक्षण अभियान में अलग-अलग विद्यालयों में 39 शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक अनुपस्थित पाए गए। सभी को मानव संसाधन पोर्टल के माध्यम से नोटिस जारी किया गया है। समय से जवाब न मिलने पर संबंधितों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।